Bokaro: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैनामोड़ क्षेत्र से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक ट्रक, पिकअप, कार समेत चार वाहनों को जब्त किया है।
बड़ी खेप लाकर फोरलेन…
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को एसपी बोकारो को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह की ओर से एक ट्रक में अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप लाकर जैनामोड़ फोरलेन चौक के आगे सुगर एंड स्पाइस होटल के पास एक गली में खड़ी की गई है। वहां से छोटे वाहनों के जरिए विभिन्न इलाकों में शराब की सप्लाई की जा रही है।
खड़े ट्रक-पिकअप से करीब 4 हजार लीटर
सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक जरीडीह अंचल के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गली के अंदर खड़े ट्रक और पिकअप से कुल 433 कार्टून (करीब 4 हजार लीटर) अवैध विदेशी शराब बरामद की। साथ ही हुंडई क्रेटा कार से शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े आठ लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास
इस मामले में ट्रक चालक बिनोद गोस्वामी, लोडिंग-ऑनलोडिंग में शामिल फुलेश्वर मरांडी तथा शराब सप्लायर से जुड़े दीपक कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया गया है। बिनोद गोस्वामी का पूर्व में भी अवैध शराब से जुड़े मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने जरीडीह थाना कांड संख्या 13/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

