Bokaro: शहर के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हथियार के बल पर लूट की कोशिश मामले में बोकारो पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 11 जनवरी 2026 को हुई थी, जिसके बाद सेक्टर-4 थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अभी तक इस कांड में कुल चार आरोपी गिरफ्तार हुए है। जिनमे प्रिंस कुमार और शमशाद पिछले महीने 3 फरवरी को गिरफ्तार हुए थे।

गुजरात और बेंगलुरु से पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि, इस कांड को लेकर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 मार्च को शुभम कुमार को सूरत (गुजरात) और पंकज कुमार को बेंगलुरु (कर्नाटक) से गिरफ्तार किया। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर बोकारो लाया गया।
देसी पिस्टल बरामद
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने तनिष्क शोरूम में लूट की कोशिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार (22) और पंकज कुमार (26) बिहार के बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े केस शामिल हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

