Bokaro: महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने और महिलाओं के बुनियादी मानवाधिकारों व लैंगिक समानता के विषय में उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर जिला समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
समाहरणालय परिसर से डीपीएलआर निदेशक मेनका कुमारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्यबाला सिन्हा आदि ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली समाहरणालय परिसर से वन स्टॉप सेंटर होते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों की परिक्रमा करते हुए वापस लौटी।

मौके पर डीपीएलआर निदेशक श्रीमती मेनका कुमारी ने उपस्थित सेविका – सहिया को अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि हर साल महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day for the Elimination of Violence Against Women) 25 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा चिह्नित किया गया है। यह दिन महिलाओं को जागरूक करने के लिए मनाया जाता है।
25 नवंबर, 1960 को डोमिनिकन तानाशाह राफेल ट्रुजिलो के आदेश पर तीन मीराबल बहनों की हत्या कर दी गई थी। 1981 में कैरेबियन फेमिनिस्ट एनकुएंट्रोस और लैटिन अमेरिका के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए 25 नवंबर को दिन के रूप में चिह्नित किया था। तब से यह प्रतिवर्ष विश्व के सभी देशों में मनाया जाता है।
इस दिवस को मनाने का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकना और महिलाओं के बुनियादी मानवाधिकारों व लैंगिक समानता के विषय में जागरूक करना है।
मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्यबाला सिन्हा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस की थीम है यूनाइट ! यानी महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए एकजुटता और सक्रियता है। यह अभियान 25 नवंबर आज से शुरू होकर अगले 16 दिनों तक चलेगा। अलग – अलग कार्यक्रम एवं प्रखंडों में भी जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
डीएसडब्ल्यूओ ने राज्य सरकार द्वारा घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं की मदद के लिए टोल फ्री नंबर 181 पर शिकायत, ऐसी पीड़ितों की सहायता/उनके अधिकार उन्हें दिलाने को लेकर वन स्टॉप सेंटर का संचालन किया जा रहा है। यहां पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी तरह की पुलिसिंग ,विधिक, आवासन आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
मौके पर सीडीपीओ चास, बोकारो स्टील सिटी समेत कार्यालय के कर्मी आदि उपस्थित थे।
