Bokaro: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किए गए नए पाठ्यक्रम को लेकर शहर के चिन्मय विद्यालय बोकारो में मंगलवार को विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्राचार्य सूरज शर्मा ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को नए बदलावों की विस्तृत जानकारी दी और उनके सवालों का समाधान किया। इस मौके पर वरीय उप-प्राचार्य नरमेंद्र कुमार, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।

कक्षा 9वीं का पाठ्यक्रम हुआ आसान, 7 विषय अनिवार्य
प्राचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के तहत सीबीएसई ने कक्षा 9वीं के पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव किए हैं। अब छात्रों को कुल 7 विषय पढ़ने होंगे, जिसमें गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषयों के साथ व्यावसायिक शिक्षा, कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और ‘समाज में व्यक्ति’ नामक नया इंटरडिसिप्लिनरी विषय शामिल किया गया है।
एडवांस विषयों का विकल्प, ओपन बुक परीक्षा पर जोर
श्री शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को अब सामान्य गणित और विज्ञान के साथ एडवांस गणित और विज्ञान चुनने का विकल्प भी मिलेगा। यह सुविधा खासकर उन छात्रों के लिए है, जो आगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। साथ ही, स्कूल स्तर की आंतरिक परीक्षाओं में ओपन बुक प्रणाली लागू की जा सकती है, जिससे रटने के बजाय सोचने और समझने की क्षमता को परखा जाएगा।

कौशल आधारित शिक्षा से बेहतर भविष्य की तैयारी
प्राचार्य ने कहा कि सीबीएसई के ये बदलाव छात्रों को कौशल आधारित और समावेशी शिक्षा देने की दिशा में अहम कदम हैं। इससे विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच विकसित होगी और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तैयार हो सकेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए सीबीएसई का आभार जताया।

