Bokaro: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर ईएसएल स्टील लिमिटेड ने उन सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है, जिनका निःस्वार्थ समर्पण समाज को जीवन, सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रदान करता है। कंपनी ने कहा कि डॉक्टर केवल इलाज नहीं करते, बल्कि उम्मीदों को जीवन देते हैं और एक मजबूत समाज की नींव तैयार करते हैं। यह दिन उन सभी अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान का प्रतीक है, जो कठिन परिस्थितियों में भी सेवा भाव से कार्य करते हैं।

ग्रामीण स्वास्थ्य चुनौतियों और साझेदारी की जरूरत
कंपनी ने कहा कि भारत में स्वास्थ्य अवसंरचना में सुधार हुआ है, लेकिन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों और कॉर्पोरेट क्षेत्र की साझा जिम्मेदारी और सहयोग आवश्यक है, ताकि हर व्यक्ति तक सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जा सकें और एक सशक्त व टिकाऊ स्वास्थ्य व्यवस्था का निर्माण हो सके।

मोबाइल हेल्थ यूनिट बनी उम्मीदों की किरण
ईएसएल स्टील के सीईओ रवीश शर्मा ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल उद्योग संचालन नहीं, बल्कि स्वस्थ समुदायों का निर्माण भी है।” उन्होंने कहा कि मोबाइल हेल्थ यूनिट 27 गाँवों में नियमित सेवाएँ दे रही है, जिससे लोगों को घर के पास ही इलाज मिल रहा है। लाभार्थी अजय कुमार महतो ने कहा, “गाँव में नियमित स्वास्थ्य शिविर से हमें निःशुल्क इलाज और दवाइयाँ मिल रही हैं, जिससे बड़ी राहत मिली है।” इस अवसर पर कंपनी ने सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण को नमन किया।
‘प्रोजेक्ट आरोग्य’ से 2.3 लाख लोगों को मिला लाभ
इसी सोच के साथ वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (VISL) ‘प्रोजेक्ट आरोग्य’ के माध्यम से ग्रामीण और वंचित समुदायों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचा रही है। मोबाइल हेल्थ यूनिट, स्वास्थ्य शिविर, मातृ एवं स्त्री रोग स्वास्थ्य कार्यक्रम, रक्तदान अभियान और टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता जैसी पहलें लगातार चल रही हैं। वित्त वर्ष 2024 से अब तक 2.3 लाख से अधिक लोग इस कार्यक्रम से लाभान्वित हुए हैं, जबकि 3,500 से अधिक यूनिट रक्तदान भी किया गया है।

