Bokaro: जिले में जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालीडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आर्या बिहार स्थित सिजुआ पहाड़ी के नीचे छापेमारी कर जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
एसपी को मिली सुचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिजुआ पहाड़ी के पास कुछ लोग जुए में लिप्त हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बोकारो को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर बालीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर छापा मारा, जहां छह व्यक्ति जुआ खेलते पकड़े गए।
32 हज़ार नगद बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनु कुमार, राहुल कुमार, अनिल कुमार, मनीष कुमार राय, राजेश कुमार और रिक्की स्वर्णकार के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 हजार 690 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, ताश के 10 पैकेट, दो स्कूटी और चार कुर्सियां बरामद की हैं।

जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस छापामारी में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

