Bokaro: बोकारो में सरकारी स्कूलों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले 19 और 22 साल के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किये गए 10 टैब और 17 एलईडी टीवी बरामद किए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने नावाडीह, जरीडीह, हरला और पेटरवार क्षेत्र के कई सरकारी स्कूलों में चोरी की बात स्वीकार की।

सरकारी स्कूल जुनौरी से शुरू हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार 4 मार्च की रात चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र स्थित राजकीयकृत गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल जुनौरी के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने नौ टैब चोरी कर लिए थे। मामले में चन्द्रपुरा थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपाधीक्षक बेरमो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।
छापेमारी में बरामद हुए टैब और टीवी
एसपी बोकारो हरविंदर सिंह ने कहा कि तकनीकी शाखा की मदद से छापेमारी कर पुलिस ने करण कुमार रजवार के घर से छह टैब बरामद किए, जबकि तीन टैब उसके साथी सागर कुमार के घर से मिले। पूछताछ के बाद करण के घर से एक और टैब तथा 43 इंच के कुल 17 एलईडी टीवी भी बरामद किए गए।

सरकारी स्कूलों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि स्कूल बंद रहने और सुरक्षा गार्ड की निगरानी नहीं होने के कारण वे सरकारी विद्यालयों को ही निशाना बनाते थे। आरोपियों ने नावाडीह, जरीडीह, हरला और पेटरवार थाना क्षेत्रों के कई सरकारी स्कूलों से एलईडी टीवी चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
बच्चों की पढ़ाई के लिए दिए गए थे उपकरण
एसपी ने कहा कि बरामद सभी टैब और एलईडी टीवी सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के लिए उपलब्ध कराए गए थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

