Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन के साथ एक कार्यक्रम में ऐसा भावुक और असहज क्षण सामने आया, जिसकी चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है। ट्रेड यूनियन के एक मिलन समारोह में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन कार्यक्रम का माहौल धीरे-धीरे ऐसा बन गया कि उनकी भावनाएं आहत हो उठीं।

माहौल ने बदली मर्यादा, मंच से उठे कटु शब्द
कार्यक्रम में BSL के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इसी दौरान कुछ वक्ताओं ने प्लांट और प्रबंधन के खिलाफ तीखी बातें रखीं। यह सब सुनकर मंच पर बैठे अधिकारी असहज हो गए। सबसे ज्यादा असर डायरेक्टर इंचार्ज पर पड़ा, जिनके चेहरे पर पीड़ा साफ झलकने लगी।
संयम के बीच छलका मन का दर्द
जब Priya Ranjan को बोलने के लिए आमंत्रित किया गया, तो उन्होंने बेहद संयमित लेकिन भावुक शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “अगर हम इज्जत से बैठ कर बात कर सकते है, तो मैं एक बार नहीं 100 बार बात कर सकते है। पर आपने वनभोज के कार्यक्रम को क्या कार्यक्रम बना दिया। मैं यहां बोलना बहुत कुछ चाहता था, पर अब क्या बोलूं समझ में नहीं आ रहा है।” See Video –

उन्होंने आगे भोजन की संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे यहां भोजन को प्रसाद माना जाता है और यह समय शांति व आत्मीयता का होता है, जहां लोग अपने परिवार के साथ सुकून के पल बिताते हैं। डायरेक्टर इंचार्ज ये कहते हुए निकल गए कि आप सब बैठ कर शांति से भोजन का आनंद ले। थैंक्यू।
संक्षिप्त भाषण के बाद चुपचाप हुए रवाना
बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना संबोधन जल्द ही समाप्त कर दिया और अन्य कार्य का हवाला देते हुए कार्यक्रम से निकल गए। उनके साथ बीजीएच के न्यूरोसर्जन डॉ आनंद कुमार और पर्सनल के महाप्रबंधक बी एम बक्शी समेत कई अधिकारी भी तुरंत धीरे से चले गए।
वीडियो वायरल, संवेदनाओं पर बहस
यह घटना सेक्टर-3 सिटी पार्क में आयोजित बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन के मिलन समारोह की बताई जा रही है। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि किसी को भी मुख्य अतिथि के रूप में बुलाकर सार्वजनिक मंच से इस तरह की तीखी बातें करना उचित नहीं है, जबकि संवाद के लिए कार्यालय उपलब्ध है।
आयोजकों ने किया इनकार
वहीं यूनियन के महामंत्री दीनानाथ पांडेय और अध्यक्ष रघुनाथ महतो ने इस बात से इनकार किया है कि डायरेक्टर इंचार्ज नाराज होकर कार्यक्रम से गए। फिलहाल, यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग इसे भावनाओं और सम्मान से जुड़े पहलू के रूप में देख रहे हैं।

