Bokaro: बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (जियाडा) बोकारो प्रक्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया। प्रभार संभालने के बाद उन्होंने जियाडा कार्यालय में अधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक कर जिले में औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की।

बैठक में डीसी ने कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मजबूत आधारभूत संरचना और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना जरूरी है। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद कायम रखकर समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जियाडा के क्षेत्रीय उप निदेशक मनोज कुमार, सहायक विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने वर्तमान परियोजनाओं, लंबित मामलों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस दौरान सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

