Bokaro: जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2021 में बालीडीह थाना क्षेत्र के बालीडीह मोड़ के पास हुए गैस सिलेंडर लूट कांड का मास्टरमाइंड आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चार साल से फरार चल रहा आरोपी इरफान अंसारी को पुलिस ने 10 नवंबर 2025 को रांची जिले के चान्हो से गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे हुआ था लूटकांड का खुलासा
26 फरवरी 2021 को बीपीसीएल बॉटलिंग प्लांट से घरेलू गैस सिलेंडर लोड कर जा रहे ट्रक को बोलेरो में सवार करीब आधा दर्जन अपराधियों ने बालीडीह मोड़ के पास हथियार के बल पर रोक लिया था। अपराधियों ने ट्रक और सिलेंडर दोनों लूट लिए थे। घटना के बाद ट्रक चालक चुनमुन कुमार यादव के बयान पर बालीडीह थाना कांड संख्या 65/21, धारा 395 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कई आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
मामले की तफ्तीश में पुलिस ने पहले ही लूटा गया ट्रक और गैस सिलेंडर बरामद कर लिए थे तथा इस घटना में शामिल आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इनमें इस्तेफाक अंसारी, बसीर अंसारी, आलम अंसारी, मो. इमरान अंसारी, कलीम अंसारी, खुशबुद्धीन अंसारी, आशिफ अंसारी और बाबु ठाकुर शामिल थे।
इरफान अंसारी ने ही रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इरफान अंसारी पहले चान्हो में गैस एजेंसी का काम करता था। उसी ने गैस सिलेंडरों को बेचने का रास्ता बताकर बाकी अपराधियों को इस लूट की योजना में शामिल किया था। चार साल से फरार चल रहे इरफान को पकड़ने के लिए पुलिस ने लगातार निगरानी रखी और आखिरकार उसे दबोच लिया।
कई मामलों में नामजद है आरोपी
इरफान अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उस पर कुडू थाना कांड संख्या 65/20 और कसमार थाना कांड संख्या 25/21 में धारा 395/412 आईपीसी के तहत मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य संभावित अपराधों की जानकारी जुटा रही है।

