Bokaro: प्रस्तावित नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) निरीक्षण को लेकर बोकारो एयरपोर्ट की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) और बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान झारखंड सिविल एविएशन के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, एएआई के मनोज कुमार, सेल एविएशन के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

एयरपोर्ट की आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एयरपोर्ट परिसर, रनवे, बोर्डिंग एरिया समेत यात्रियों से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं का क्रमवार निरीक्षण किया। इस दौरान एयरपोर्ट संचालन से जुड़े जरूरी मानकों और व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई। डीसी अजय नाथ झा ने अधिकारियों से एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति, रखरखाव और संचालन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

डीजीसीए निरीक्षण से पहले साफ-सफाई पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एयरपोर्ट परिसर की नियमित साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डीजीसीए के प्रस्तावित निरीक्षण को देखते हुए परिसर में उगी घास, छोटे पेड़-पौधों और अन्य अनावश्यक वनस्पतियों को हटाकर साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट परिसर का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं बेहतर रूप में प्रदर्शित हों।
ऑपरेशन और मेंटेनेंस व्यवस्था की हुई समीक्षा
उपायुक्त ने एयरपोर्ट के संचालन (ऑपरेशन) और रखरखाव (मेंटेनेंस) से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की। उन्होंने एएआई और सेल के वरीय अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक पत्राचार कर लंबित मामलों पर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एयरपोर्ट विकास को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान बोकारो एयरपोर्ट के विकास, संचालन और भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। डीजीसीए निरीक्षण से पहले बोकारो एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद को जिले में हवाई सेवा विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

