Bokaro : जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मार्च-अप्रैल में बढ़े सड़क हादसे, डीसी ने जताई गंभीर चिंता
बैठक में मार्च और अप्रैल माह में जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले में हर महीने औसतन 20 से 25 सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

NH-32 और NH-23 पर फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश
उपायुक्त ने एनएचएआइ अधिकारियों को एनएच-32 और एनएच-23 पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण की डीपीआर जल्द फाइनल करने का निर्देश दिया। प्रस्तावित फ्लाईओवर तेलमच्चों टोल टैक्स से आईटीआई मोड़ और उकरीद मोड़ से बोकारो स्टील सिटी स्टेशन चौक तक बनाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं को देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण बेहद जरूरी हो गया है।
फ्लाईओवर बनने तक बैरिकेडिंग और लाइटिंग की व्यवस्था होगी
डीसी ने निर्देश दिया कि जब तक फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और जरूरी साइनेज लगाए जाएं, ताकि हादसों को रोका जा सके।
फुटपाथ अतिक्रमण हटाने और सफाई अभियान चलाने का आदेश
बैठक में उकरीद-सिवनडीह समेत कई इलाकों में सड़क किनारे जमा कचरा हटाने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने और विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। चास बीडीओ को अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।
पीक आवर में बढ़ेगी पेट्रोलिंग, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने पीक आवर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही मानसून से पहले नालियों की सफाई कर जलजमाव रोकने को कहा।
उन्होंने एनएचएआइ को महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पीड कैमरा लगाने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने का भी निर्देश दिया।
दुबेकाटा मोड़ का होगा अध्ययन, चलेगा विशेष जांच अभियान
बैठक में चंदनकियारी के दुबेकाटा मोड़ का अध्ययन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया। वहीं, पुलिस को ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच अभियान चलाने, ब्लैक फिल्म हटाने और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया।
‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान सख्ती से लागू होगा
उपायुक्त ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीटीओ और ट्रैफिक डीएसपी को संयुक्त निरीक्षण कर बोतलों में पेट्रोल बिक्री रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में जिला सड़क सुरक्षा एक्शन प्लान को एक-दो दिनों के भीतर अंतिम रूप देने का भी निर्देश दिया गया।

