Bokaro: ज़िले के नावाडीह थाना क्षेत्र से लापता हुई एक महिला और दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर रांची से सकुशल बरामद कर लिया। तीनों के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खरपिटो निवासी हुल्लास प्रजापति ने 12 अप्रैल को थाना में आवेदन देकर बताया था कि 11 अप्रैल से घर की एक महिला और दो नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हैं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला और सभी के मोबाइल भी बंद थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कांड संख्या 27/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने तकनीकी इनपुट, आसूचना संकलन और बैंक लेनदेन के आधार पर कार्रवाई तेज की। जांच में पता चला कि तीनों रांची में किराये के मकान में रह रही थीं और काम की तलाश कर रही थीं।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि घरेलू आर्थिक तंगी के कारण वे बिना बताए घर छोड़कर चली गई थीं। इस दौरान खाते से 1600 रुपये की निकासी भी की गई थी। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

