Bokaro: विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर चास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर के बाहर चार दिवसीय बोकारो पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ नगर निगम के मेयर भोलू पासवान और डिप्टी मेयर पूजा कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षाविद और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा बढ़ गई।

पुस्तकें बनाती हैं आत्मनिर्भर
मेयर भोलू पासवान ने कहा कि “यदि व्यक्ति पुस्तकों के आगे झुकना सीख ले, तो उसे जीवन में किसी और के सामने झुकने की जरूरत नहीं पड़ती।” उन्होंने किताबों को सच्चा मित्र बताते हुए युवाओं से पढ़ने की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि नियमित अध्ययन ही व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सफल बनाता है।
अभिव्यक्ति को मजबूत करती हैं किताबें
डिप्टी मेयर पूजा कुमारी ने कहा कि पुस्तकें न केवल ज्ञान बढ़ाती हैं, बल्कि भाषा और अभिव्यक्ति को भी सशक्त बनाती हैं। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम दस पन्ने पढ़ने की आदत अपनाने की अपील की।

चार दिनों तक मिलेगा ज्ञान का खजाना
कार्यक्रम में साहित्यकार पल्लवी प्रसाद, डॉ. प्रियदर्शी जारुहार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। मेला संयोजक वीरेंद्र यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न विषयों की हजारों पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। साथ ही, चित्रकला, गायन, लेखन और नृत्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

