Bokaro: थाना दिवस को प्रभावी बनाने की दिशा में एसपी बोकारो नाथू सिंह मीणा ने कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिले के प्रत्येक थाना में सप्ताह में एक दिन “थाना दिवस” आयोजित करना का निर्देश दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति
पुलिस अधीक्षक ने बीएस सिटी, पिंड्राजोड़ा, पेटरवार, कसमार और जरीडीह थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और सीरिस्ता कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस-जन संवाद
एसपी ने लंबित कांडों, वारंट, इस्तेहार और कुर्की मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश दिया। एसपी ने थाना दिवस के माध्यम से पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर शिकायतों का समाधान तेज हो सके।

इसके अलावा, NEET परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया और सुरक्षा व चेकिंग व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

