Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स (डीएमटीएफ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित खनन गतिविधियों, अवैध बालू खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। डीसी ने साफ कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में उपायुक्त ने वन विभाग, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग और जिला प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ रहा है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए और कार्रवाई की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि जिले के सात बालू घाटों में से दो घाटों को आवश्यक स्वीकृति और क्लियरेंस मिल चुकी है। इस पर डीसी ने दोनों घाटों को जल्द चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्यों और आम लोगों को वैध रूप से बालू उपलब्ध हो सके।

उपायुक्त ने बिना नंबर प्लेट और अवैध रूप से संचालित ट्रैक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों का इस्तेमाल अक्सर अवैध खनिज परिवहन में किया जाता है।
बैठक में बताया गया कि 18 दिसंबर 2025 से 13 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में 46 वाहनों को जब्त किया गया, 12 प्राथमिकी दर्ज हुई और 2.45 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।

