Bokaro: गोमिया थाना क्षेत्र के कथारा ओपी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पैसों के विवाद में युवक को अगवा कर खेतको बस्ती स्थित एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था। सूचना मिलते ही कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति एक्शन मोड में आ गए। आरोपियों को भनक न लगे, इसके लिए पुलिस टीम सरकारी वाहन छोड़ एंबुलेंस से छापेमारी करने पहुंची।

दो दिन तक बंधक बनाकर की गई मारपीट
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित युवक आनंद कुमार को आरोपियों ने दो दिनों तक घर में बांधकर रखा और मारपीट की। परिजनों ने युवक का मोबाइल बंद मिलने पर अपहरण की आशंका जताते हुए कथारा ओपी में शिकायत दर्ज कराई। इसी दौरान युवक ने मौका पाकर अपने भाई को लोकेशन की जानकारी भेज दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
सूचना मिलते ही पुलिस ने खेतको यादव टोला में दबिश दी और युवक को मुक्त करा लिया। मामले में मुख्य आरोपी और उसका पुत्र गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि एक अन्य फरार बताया जा रहा है। मेडिकल जांच के बाद युवक को परिजनों को सौंप दिया गया। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर चर्चा हो रही है।


