Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने प्लांट के बाहर विभिन्न विभागों में पांच साल से अधिक समय से जमे कर्मचारियों के तबादले का अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पहली किस्त में 20 कर्मचारियों का ट्रांसफर आदेश जारी किया गया। वहीं सूत्रों के अनुसार अभी कई और कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है और आने वाले 15 दिनों के भीतर उनका भी दूसरे विभागों में स्थानांतरण किया जाएगा।

BSL ने मजबूत किया इंटेलिजेंस नेटवर्क
बीएसएल में चल रहे विस्तारीकरण कार्य को शांतिपूर्ण माहौल में सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रबंधन ने अपने इंटेलिजेंस विभाग को और मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में चार कर्मचारियों को इंटेलिजेंस विभाग में नई जिम्मेदारी देकर तैनात किया गया है। यह विभाग बीएसएल सिक्योरिटी के साथ मिलकर काम करता है और प्लांट के अंदर तथा बाहर के माहौल, अतिक्रमण, श्रमिक गतिविधियों और अन्य हालात की जानकारी टॉप मैनेजमेंट तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। वहीं मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी आदेश में TE-WS, TE-ELEC और TE-CIVIL विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को CSR, HR-Works, L&A और इंटेलिजेंस विभाग में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिसे प्रबंधन प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने और संवेदनशील विभागों में निगरानी बढ़ाने की रणनीति के रूप में देख रहा है।
प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी
BSL प्रबंधन की इस कार्रवाई को लंबे समय से एक ही विभाग में जमे कर्मचारियों के नेटवर्क को तोड़ने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश माना जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि अभी कई और विभागों में समीक्षा चल रही है और आने वाले दिनों में दूसरी सूची भी जारी हो सकती है।

वेतन और सेवा शर्तों में कोई बदलाव नहीं
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरित कर्मचारियों के वेतनमान, ग्रेड और सेवा शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नए विभाग में उन्हें समान श्रेणी के कर्मचारियों के अनुरूप सुविधाएं और इंसेंटिव मिलते रहेंगे। यह आदेश AGM (HR/NW-Services) शिप्रा एन हेमरोम की ओर से जारी किया गया है। देखे लिस्ट –


