Bokaro: चास नगर निगम सभागार में मेयर भोलू पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर की सफाई, जलापूर्ति, ट्रैफिक व्यवस्था और शिकायत निवारण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में साफ कहा गया कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड पार्षद को हर महीने दो टैंकर पानी निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, अलग-अलग वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए पांच सिटी मैनेजरों को जिम्मेदारी सौंपी गई। लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने का भी फैसला लिया गया। मेयर ने निर्देश दिया कि टोल फ्री नंबर पर आने वाली शिकायतों की दैनिक रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाए।
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डस्टबिन और टीपर की संख्या बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही जेम पोर्टल से खरीदे गए बंद वाहनों को दोबारा चालू कराने का निर्णय लिया गया। शहर में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए भवानी गैस से दादी जी स्वीट्स तक वन-वे व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। इसके अलावा वार्ड 23 स्थित ट्रांसपोर्ट गली बाइपास रोड में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद निगम परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।


