A large number of voter ID cards, ATM cards and PAN cards were recovered from a forest area under Sector-6 police station late on Sunday night, triggering concerns over possible misuse of sensitive documents. DC ordered probe.
Bokaro: बोकारो शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित टीवी टावर से सेक्टर-11 जाने वाली सड़क किनारे जंगल में भारी मात्रा में वोटर आईडी कार्ड, ATM कार्ड और PAN कार्ड मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। बरामद कार्डों में अधिकांश की वैधता वर्ष 2027 से 2030 तक बताई जा रही है।

जंगल में बिखरे पड़े थे संवेदनशील दस्तावेज
स्थानीय लोगों ने जंगल में बड़ी संख्या में कार्ड बिखरे होने की जानकारी पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 500 वोटर आईडी कार्ड, 70 ATM कार्ड तथा 25 PAN कार्ड बरामद किए। शुरुआती जांच में अधिकांश वोटर कार्ड पर जोशी कॉलोनी, लकड़ाखंदा, सिवनडीह और माराफारी क्षेत्र के लोगों के नाम व पते मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने संवेदनशील दस्तावेज आखिर किसने और किस उद्देश्य से यहां फेंके।
असली, फर्जी या रिजेक्टेड कार्ड? जांच जारी
सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता ने बताया कि बरामद दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है। संबंधित विभागों से संपर्क कर यह पता लगाया जा रहा है कि कार्ड असली हैं, फर्जी हैं या फिर रिजेक्टेड दस्तावेज हैं। पुलिस साइबर क्राइम समेत अन्य संभावित एंगल पर भी जांच कर रही है।
पुलिस इस मामले को हाल ही में मालती लक्सरिया सिटी में पकड़े गए साइबर ठगी गिरोह से जोड़कर भी देख रही है। 16 अप्रैल को पुलिस ने किराए के मकान में रहकर साइबर ठगी करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया था। जिस स्थान से कार्ड बरामद हुए हैं, वहाँ से मालती लक्सरिया पास में है।

DC ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास SDO प्रांजल ढाढ़ा को जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। डीसी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में वोटर आईडी, ATM और PAN कार्ड का मिलना सामान्य मामला नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि एक-दो दस्तावेज मिलना अलग बात है, लेकिन सैकड़ों कार्ड एक साथ मिलना गंभीर जांच का विषय है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इन्हें किस मकसद से इकट्ठा किया गया और बाद में जंगल में क्यों फेंक दिया गया।

