Bokaro: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) बोकारो महानगर कमेटी की ओर से केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बुधवार को विशाल साइकिल जुलूस निकाला गया। जुलूस गोविंद मार्केट से शुरू होकर कुर्मीड़ीह तक पहुंचा। महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और महंगाई पर नाराजगी जताई।

महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम जनता महंगाई से त्रस्त है। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने घर के बजट के साथ-साथ परिवहन और कृषि लागत को भी प्रभावित किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर हैं तो देश में दाम क्यों बढ़ रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने साइकिल चलाकर प्रतीकात्मक संदेश दिया कि महंगे ईंधन के कारण आम आदमी के लिए वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में मिथुन मंडल, सदानंद गोप, राकेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और महंगाई के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है।


