Bokaro: जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कढमा गांव से चोरी हुए आयशर कंपनी के ट्रैक्टर मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजा मल्हार उर्फ कैलाश मल्हार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार ठिकाना बदल रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र स्थित उसके घर से दबोच लिया।

तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 को कढमा गांव निवासी प्रकाश कुमार के ट्रैक्टर की चोरी हुई थी। इस मामले में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या-23/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2)/3(5) के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने तकनीकी सहायता और लगातार छापेमारी के जरिए पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

पहले भी कई चोरी मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राजा मल्हार का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। उसके खिलाफ रामगढ़ और मांडू थाना क्षेत्रों में ट्रैक्टर चोरी और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी जेल जा चुका है और क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह से उसका संबंध रहा है।
अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
छापेमारी दल में पु०अ०नि० अनुप रंजन बाखला, पु०अ०नि० कुन्दन कुमार यादव, आरक्षी सहदेव प्रसाद यादव, हीरालाल महतो और किशोर कुमार महतो शामिल थे। सभी पुलिसकर्मी चतरोचट्टी थाना, बोकारो में पदस्थापित हैं।

