Bokaro: बोकारो समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने वर्ष 1984 सिख विरोधी दंगा से प्रभावित पीड़ितों के लंबित मुआवजा भुगतान मामलों की समीक्षा की। बैठक में लंबित आवेदनों की प्रगति, दस्तावेजों के सत्यापन तथा पीड़ितों को मिलने वाली पेंशन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती प्रांजल डांढा, डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा श्रीमती शालिनी खालको, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत पीड़ितों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1984 सिख विरोधी दंगा से प्रभावित 71 पीड़ितों के मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों का सत्यापन आयोग स्तर पर किया जा रहा है। जिले में लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित फाइलों की गहन जांच करने और सभी मामलों का इंडेक्स पंजी तैयार करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सेक्टर-9 और माराफारी थाना में सिख दंगों से जुड़े सभी अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों को सुरक्षित रखने एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुराने रिकॉर्ड को संरक्षित रखने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने पीड़ितों को नियमित पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

