Bokaro: बोकारो में जमीन विवाद मामले की जांच के नाम पर रिश्वत मांगना बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मो. याकूब अंसारी को महंगा पड़ गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) धनबाद की टीम ने मंगलवार को आरोपी एएसआई को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी बोकारो के नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई।

जमीन विवाद की जांच के लिए मांगी थी रिश्वत
एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिवादी ने शिकायत की थी कि उसने वर्ष 2009 में बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर में 13 डिसमिल जमीन खरीदी थी। जमीन कब्जा और धमकी से जुड़े मामले में उसने बालीडीह थाना, अनुमंडल पदाधिकारी चास, पुलिस अधीक्षक बोकारो तथा उपायुक्त Ajay Nath Jha से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मामले की जांच एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी।
खर्चा-पानी’ के नाम पर मांगे पांच हजार
आरोप है कि जांच और जमीन पर जाने के नाम पर एएसआई ने परिवादी से “खर्चा-पानी” के तौर पर 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। परिवादी रिश्वत देकर काम कराना नहीं चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

सत्यापन के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी धनबाद थाना कांड संख्या-04/2026 दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया गया। मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर टीम ने आरोपी पुलिस पदाधिकारी को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
नया मोड़ में हुई गिरफ्तारी
एसीबी टीम ने आरोपी मो. याकूब अंसारी को नया मोड़ स्थित अजय कुमार की फल दुकान के सामने से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाह मौजूद थे। आरोपी मूल रूप से धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के पंजिया का निवासी बताया गया है। एसीबी ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

