Bokaro : गोमिया प्रखंड के बड़की पुन्नू और कुसुमडीह गांव के आसपास जंगली हाथियों की बढ़ती गतिविधि से इलाके में दहशत फैल गई है। बुधवार देर रात 12 हाथियों के झुंड के बीच पहुंचने पर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वन विभाग के अनुसार युवक नशे की हालत में अकेले हाथियों के सामने पहुंच गया था, जिसके बाद हाथियों ने उस पर हमला कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद क्यूआरटी टीम की तत्परता से उसकी जान बच गई।

बताया जा रहा है कि युवक रात के समय हाथी प्रभावित क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों के हमले में युवक घायल होकर जंगल किनारे गिर पड़ा। शोर सुनते ही क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को खदेड़कर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। प्रशासन और हाथी भगाओ टीम ने लोगों से रात में घर से बाहर नहीं निकलने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

वन विभाग ने सभी क्षेत्रवासियों को सूचित किया जाता है कि बड़की पुन्नू और कुसुमडीह के आसपास हाथियों का एक झुंड (12 हाथी) देखा गया है। QRT टीम मौके पर मौजूद है, लेकिन सभी से आग्रह है कि रात के समय घर से बाहर ना निकालना ही समझदारी है. कृपया सतर्क रहें और अकेले बाहर न निकलें। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें।

