Bokaro: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की बोकारो जिला समिति की ओर से शनिवार को बोकारो परिसदन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने की। इस दौरान आगामी 10 जून को आयोजित होने वाले जिला कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।

सम्मेलन की सफलता के लिए जुटने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से जिले में लगातार संगठनात्मक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
शहरी क्षेत्रों से बड़ी भागीदारी की तैयारी
झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि आगामी बूथ स्तरीय सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे।

महिला मोर्चा निभाएगा अहम भूमिका
बैठक में कहा गया कि सम्मेलन को सफल बनाने में महिला मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। इसके लिए महिला कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।
नगर पदाधिकारियों को दिए विशेष निर्देश
मंटू यादव ने नगर क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में केंद्रीय सदस्य अशोक मुर्मू, अखिलेश महतो, विजय रजवार, इकबाल अंसारी, घुनु हांसदा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

