Bokaro: बोकारो समाहरणालय के सभा कक्ष में आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने जिले के पुलिस अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग के साथ आम जनता से मजबूत संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया। बैठक की अध्यक्षता बोकारो एसपी ने की, जिसमें जिले के सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी शामिल हुए।

समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश
बैठक में आईजी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को जनता का विश्वास जीतने और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह दी।

कंटेम्प्ट मामलों पर जताई गंभीर चिंता
हाई कोर्ट में बढ़ रहे कंटेम्प्ट मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए आईजी ने कहा कि छोटी-छोटी प्रशासनिक और कानूनी त्रुटियों के कारण डीजीपी से लेकर एसपी स्तर तक के अधिकारियों को न्यायालय के समक्ष जवाबदेह होना पड़ा है। उन्होंने इसे पुलिस विभाग के लिए गंभीर विषय बताते हुए सभी अधिकारियों को प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया।
पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच होगी बेहतर समन्वय व्यवस्था
आईजी ने बताया कि इस चुनौती से निपटने के लिए नए पुलिस अधीक्षक की पहल पर पुलिस अधिकारियों और हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आवश्यक सुधारात्मक कदमों के बाद कंटेम्प्ट से जुड़े मामलों में कमी आएगी और पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनेगी।
अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की हुई समीक्षा
क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार तथा बेहतर पुलिसिंग को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

