Bokaro: चास बाईपास मुख्य पथ स्थित चाकोल रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद निगम ने संचालकों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

औचक जांच में खुली कई खामियां
नगर निगम को मिली शिकायत के आधार पर अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार के निर्देश पर फूड ऑफिसर और विशेष जांच टीम ने रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में उपयोग के लिए रखा गया आटा पुराना और अस्वच्छ पाया गया। वहीं चिकन भी तीन से चार दिन पुराना मिला, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था।
रसोईघर में फैली थी गंदगी और दुर्गंध
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि रसोईघर की साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी। बेसिन, चूल्हा और डस्टबिन गंदगी से भरे हुए थे, जबकि पूरे परिसर में दुर्गंध फैली हुई थी। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना और तत्काल कार्रवाई की अनुशंसा की।

निगम ने लगाया जुर्माना, दी कड़ी चेतावनी
अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद नगर निगम ने रेस्टोरेंट संचालकों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी गई।
सभी होटल-रेस्टोरेंट की होगी जांच
मेयर भोलू पासवान ने कहा कि “लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र के सभी होटल और रेस्टोरेंट की चरणबद्ध जांच कराई जाएगी। जहां भी नियमों की अनदेखी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

