बोकारो: मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बोकारो जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13 और 14 जून को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप के दौरान अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे BLO
विशेष कैंप में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। मतदाता अपनी जानकारी की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मैपिंग प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे।
अनमैप्ड मतदाताओं से बूथ पहुंचने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मैपिंग जरूर कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर प्रक्रिया पूरी होने से SIR अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकेगा।

मतदाता सूची को अपडेट करने की कवायद
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची के निर्देश पर सभी BLO को उनके मतदान केंद्रों से संबंधित अनमैप्ड मतदाताओं की सूची उपलब्ध करा दी गई है। विशेष कैंप के दौरान बूथों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी, जहां मतदाता अपना नाम जांच सकते हैं।
पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण कदम
प्रशासन ने बताया कि SIR अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। इसके तहत मतदाताओं के विवरण का सत्यापन और मैपिंग की जा रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान की जानकारी दें और अधिक से अधिक संख्या में विशेष कैंप में भाग लें।

