Bokaro: शहर के सेक्टर-1 स्थित महिला थाना में पारिवारिक विवाद की काउंसलिंग के दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई। तेलो निवासी होमगार्ड जवान बादल महली अपनी पत्नी के साथ चल रहे वैवाहिक विवाद के मामले में काउंसलिंग के लिए महिला थाना पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात पर वह नाराज होकर थाने से निकल गए। कुछ समय बाद सूचना मिली कि उन्होंने जेवियर स्कूल के पीछे स्थित गरगा नदी में छलांग लगा दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।

काउंसलिंग के दौरान बढ़ा तनाव
महिला थाना प्रभारी मीरा लकड़ा ने कहा कि तेलो निवासी बादल महली अपनी पत्नी के साथ चल रहे वैवाहिक विवाद को लेकर महिला थाना में काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे। काउंसलिंग के दौरान दोनों पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हो गई। हमलोग दोनों को शांत कर ही रहे थे। इसी बीच बादल गुस्सा गया और बोला की हम जा रहे है सुसाइड करने। इतना बोलते हुए वह थाना से दौड़ते हुए बाहर निकल गया। इसके बाद हमलोग पीछा किये। पर वह जेवियर स्कूल के पीछे स्थित गरगा नदी पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी।
पुलिस ने तुरंत चलाया रेस्क्यू
महिला थाना प्रभारी मीरा लकड़ा और सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवान को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

पुलिस जांच में जुटी
बादल के पिता राजू महतो का कहना है कि उनके बेटे की शादी पांच महीने पहले हुई है और चार महीने से उसका उसकी पत्नी से विवाद चल रहा है। आज काउंसलिंग के दौरान वह दुखी होकर बोला की ‘मेरी बात ये समझती ही नहीं है’ और जाकर गरगा नदी में कूद गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर काउंसलिंग के दौरान ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी, जिसके कारण जवान ने इतना बड़ा कदम उठाने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।

