Bokaro: सोशल मीडिया पर सामने आई एक बुजुर्ग आदिवासी दंपती की परेशानी पर बोकारो जिला प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। जरीडीह प्रखंड के टांड़बालीडीह पंचायत अंतर्गत गितिलटांड़ गांव निवासी निःसंतान दंपती प्रधा मांझी और उनकी पत्नी चंपा देवी की आर्थिक परेशानी की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने तत्काल संज्ञान लिया।

एक्स (X) पर मदद की अपील के बाद डीसी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
बुजुर्ग दंपती लंबे समय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की प्रतीक्षा कर रहे थे। उनकी व्यथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से सामने आई, जिसके बाद सहायता की अपील की गई। मामले की जानकारी मिलते ही उपायुक्त ने जरीडीह प्रखंड के प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

कुछ घंटों में पूरी हुई प्रक्रिया, पेंशन हुई स्वीकृत
उपायुक्त के निर्देश के बाद प्रखंड प्रशासन ने मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रधा मांझी और चंपा देवी की सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत कर दी गई। पेंशन स्वीकृति की सूचना मिलने के बाद बुजुर्ग दंपती के चेहरे पर लंबे समय बाद राहत और खुशी की झलक दिखाई दी।
जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : डीसी
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

