Bokaro: जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना गांधाजोड़ निवासी विजय कुमार मिश्रा के घर की है, जो पिछले तीन माह से इलाज के सिलसिले में वेल्लोर में रह रहे हैं। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

टीवी और इनवर्टर लेकर फरार
जानकारी के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियान रात चोर घर में घुसे और वहां रखे टीवी, इनवर्टर, इंडक्शन चूल्हा समेत कई कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि घर लंबे समय से बंद था, जिसकी रेकी कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। चास एसडीपीओ वेदांत शंकर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

