Bokaro : जिले के चास थाना क्षेत्र के चेक पोस्ट के पास स्थित शिव लॉज में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तीसरी मंजिल के कमरा नंबर 15 से एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका हुआ बरामद किया गया. घटना के बाद चास पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए यह जांच करने में जुट गई है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश यानी हत्या है.

लॉज के कमरे से आ रही थी तेज बदबू
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिव लॉज के कर्मचारियों को उक्त कमरे से बेहद तेज और असहनीय दुर्गंध (foul smell) आने का अहसास हुआ. इसकी सूचना तत्काल चास थाना पुलिस को दी गई. जब पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा देख हर कोई दंग रह गया. व्यक्ति का शव छत के पंखे के फंदे से लटक रहा था. शव काफी हद तक सड़-गल (decompose) चुका था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब दो से तीन दिन पहले ही हो चुकी थी.

दूसरे के नाम पर बुक था कमरा
प्रारंभिक छानबीन में जो बातें सामने आई हैं, उसने पुलिस की तफ्तीश और बढ़ा दी है. आप पढ़ रहे हैं कर्रेंटबोकारो. मृतक की पहचान धनबाद जिले के जयप्रकाश नगर निवासी लक्ष्मण साव के रूप में हुई है, जो पेशे से जमीन कारोबारी (land dealer) थे. बताया जा रहा है कि लक्ष्मण करीब तीन दिन पहले इस लॉज में आए थे. लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि लॉज का वह कमरा उनके नाम पर नहीं, बल्कि उनके किसी बेहद करीबी अजय साव नामक व्यक्ति के नाम पर बुक कराया गया था.
फॉरेंसिक टीम और एक्सपर्ट्स ने की जांच
घटना की संवेदनशीलता और मामले के संदिग्ध होने के कारण चास के एएसपी (ASP) वेदांत शंकर खुद फॉरेंसिक (Forensic) और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. टीम ने कमरे से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और उंगलियों के निशान एकत्र किए हैं. वहीं, धनबाद से बोकारो पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर इस “संदिग्ध मौत” की उच्चस्तरीय और गहन जांच करने की मांग की है.
क्या कहते हैं अधिकारी:
“प्राथमिक जांच और परिस्थितियों को देखने से यह पहली नजर में आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के सही कारणों की सटीक पुष्टि के लिए हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से काम कर रही है” – वेदांत शंकर, एएसपी, चास
चास पुलिस अब लॉज और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में लेकर खंगाल रही है.

