Bokaro: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद देशभर में कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी को लेकर सख्ती तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड के औद्योगिक नगर बोकारो में प्रशासनिक जांच ने गंभीर लापरवाही को उजागर किया है। बोकारो टाउनशिप क्षेत्र के किसी भी कोचिंग संस्थान के पास अब तक फायर सेफ्टी NOC नहीं पाया गया है।

दो दर्जन से अधिक संस्थान बिना NOC के संचालित
बताया जा रहा है कि, स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बोकारो टाउनशिप के सिटी सेंटर क्षेत्र में है, जहां लगभग 30 छोटे-बड़े कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इनमें से किसी के पास भी फायर NOC नहीं है। बुधवार को की गई जांच के दौरान तीन कोचिंग संस्थान IPEC , Smart Prep और PACE IIT भी बिना फायर NOC के संचालित होते पाए गए।

फायर विभाग के रिकॉर्ड में चौंकाने वाला खुलासा
जिला अग्निशमन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, किसी भी कोचिंग संस्थान ने फायर सेफ्टी NOC के लिए आवेदन तक नहीं किया है। अधिकारियों ने इसे बेहद गंभीर लापरवाही बताया है। जिला प्रशासन ने अब इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण और फायर ऑडिट अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम लगातार कोचिंग संस्थानों की जांच कर रही है।
DC का सख्त संदेश—लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट कहा है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी संस्थानों को फायर सेफ्टी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
हाल ही में सिटी सेंटर स्थित एक प्लाट में लगी मामूली बिजली के शॉट सर्किट से आग के कारण ऊपर चल रहे कोचिंग सेंटर से छात्रों को जान बचाने के लिए छत पर भागना पड़ा जहां से वह दीवार फांदकर निकले।
फायर विभाग ने बताई गंभीर खामियां
वहीं अग्निशमन विभाग के प्रभारी Bhagwan Ojha ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में बुनियादी सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई है। उन्होंने कहा कि ऊपरी मंजिलों पर चल रहे अधिकांश कोचिंग सेंटरों में सुरक्षित एग्जिट, फायर एक्सटिंग्विशर और इमरजेंसी व्यवस्था तक पर्याप्त नहीं है। सिटी सेंटर इलाके में अधिकतर कोचिंग संस्थान ऊपरी मंजिलों पर संचालित हो रहे हैं, जहां केवल एक सीढ़ी के सहारे आवाजाही होती है, जिससे आपात स्थिति में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी, अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने सभी कोचिंग संचालकों को तत्काल फायर NOC लेने, सुरक्षा उपकरण दुरुस्त करने और इमरजेंसी निकासी व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फायर सेफ्टी को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
(By CurrentBokaro Team)

