Bokaro: औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को बालीडीह स्थित जियाडा (JIADA) क्षेत्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र सह उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय उप निदेशक, जियाडा, बोकारो प्रक्षेत्र ने की। इसमें विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।

उद्योग प्रतिनिधियों ने रखीं अहम मांगें
बैठक में बोकारो चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज, उद्यम संकल्प, लघु उद्योग भारती, एससी/एसटी उद्यमी विकास संघ, बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा झारखंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाल आधारभूत संरचना का मुद्दा उठाया। उन्होंने सड़कों, नालों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही बीएसएल से संबंधित 50वीं पीएलसी एवं सब-पीएलसी के नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का आग्रह भी किया।

मानसून से पहले सफाई और बिजली व्यवस्था पर जोर
उद्योग प्रतिनिधियों ने मानसून को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा बिजली आपूर्ति में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि बेहतर बिजली और ड्रेनेज व्यवस्था से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और उत्पादन प्रभावित नहीं होगा।
सीएसआर फंड से विकास कार्य कराने का सुझाव
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद के तहत सड़क और नाला मरम्मत जैसे विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का सुझाव भी दिया, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।
जियाडा ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
बैठक के समापन पर क्षेत्रीय उप निदेशक, जियाडा, बोकारो प्रक्षेत्र ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
(By currentbokaro team )

