Bokaro: जिले में गुरुवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, अमन और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक निकले ताजिया जुलूसों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। या हुसैन की सदाओं के बीच मातमी जुलूस अपने तयशुदा रास्तों से गुजरे। विभिन्न अखाड़ों के फनकारों ने लाठी, तलवार और पारंपरिक जंगी फन का शानदार मुजाहिरा पेश किया, जिसने मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पर्व के दौरान अमन-ओ-अमान कायम रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों ने लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देखने को मिला। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों और ताजिया जुलूसों के बाद मोहर्रम का पर्व जिले में पूरी तरह खैरियत और पुरअमन माहौल में संपन्न हो गया।

