Bokaro: शहर में आज तेज गरज के साथ हुई मूसलाधार बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां हवाई अड्डा मुख्य सड़क पर वज्रपात (बिजली गिरने) की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक आलोक तुरी की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-1 सी निवासी आलोक दोपहर करीब 2 बजे अपनी मौसी से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बचने के लिए वह सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, तभी उस पर आकाशीय बिजली गिर गई।

स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता लक्ष्मण तुरी एडीएम बिल्डिंग परिसर में चाय की दुकान चलाते हैं। इस असमय हादसे से पीड़ित परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

