Bokaro: शांति मार्च के दौरान रोजगार की मांग को लेकर निकले ग्रामीणों पर हुए हमले के बाद दुगदा क्षेत्र में सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। दुगदा पूर्वी स्थानीय विस्थापित बेरोजगार मंच के बैनर तले सैकड़ों महिला-पुरुष जिंदल कंपनी को मांग पत्र सौंपने के लिए शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे। आरोप है कि दुगदा कोल वाशरी मोड़ के समीप पहले से मौजूद बुढींडीह के कुछ ग्रामीणों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान साउंड सिस्टम से लदे वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। मारपीट में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

घटना के बाद दुगदा पूर्वी के ग्रामीणों ने दुगदा थाना पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर चंद्रपुरा बीडीओ ईश्वर दयाल महतो, दुगदा थाना प्रभारी मनीष कुमार तथा बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

दुगदा पूर्वी पंचायत के मुखिया रितलाल रजक ने बताया कि शांति मार्च की लिखित सूचना पहले ही उपायुक्त और दुगदा थाना को दे दी गई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो एसपी से न्याय की गुहार लगाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर थाना का घेराव भी किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई गई।

