Bokaro : चास प्रखंड के कुर्रा क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान पर सोमवार शाम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चास डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान दुकान से कुल 556 एक्सपायरी बियर बरामद की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के बाद तत्काल इसकी जानकारी उत्पाद अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद सभी बरामद एक्सपायरी बियर को विधिवत जब्त कर लिया गया। मामले में उत्पाद विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इधर, उपायुक्त अजय नाथ झा ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक्सपायरी या अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारियों और उत्पाद अधीक्षक को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। यदि कहीं भी ऐसी गतिविधियां पाई जाती हैं तो तुरंत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

