बोकारो: शहर में लगातार मिल रही अतिक्रमण की शिकायतों के बाद चास नगर निगम ने बुधवार सुबह चास चेकपोस्ट क्षेत्र से विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की। यह अभियान चेकपोस्ट सब्जी मार्केट से गुजरता कॉलोनी मोड़ होते हुए सुभाष चौक तक चलाया गया। अभियान के दौरान निगम की टीम के साथ मेयर भोलू पासवान स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी की।

हर बुधवार चलेगा अभियान
मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेयर भोलू पासवान ने कहा कि शहरवासियों की ओर से अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने नियमित कार्रवाई का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक बुधवार को चास के अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। अगले बुधवार को जोधाडीह मोड़ क्षेत्र में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

जाम और जलजमाव से मिलेगी राहत
मेयर ने कहा कि अतिक्रमण हटने से मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या कम होगी और लोगों का आवागमन अधिक सुगम बनेगा। उन्होंने बताया कि चेकपोस्ट क्षेत्र से अभियान शुरू करने का एक प्रमुख कारण बारिश के दौरान बड़े नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित करना भी है।
बड़े नाले की सफाई पर रहेगा फोकस
मेयर के अनुसार, बरसात के दिनों में बड़े नाले के अवरुद्ध होने से सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके कारण आसपास की छोटी नालियां भी जाम हो जाती हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद नालों की प्रभावी सफाई संभव होगी और जल निकासी व्यवस्था में सुधार आएगा।

