Bokaro: जिले की पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने जरीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर लूट और रंगदारी की योजना बना रहे दो 19 वर्षीय युवकों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने जानकारी दी।

एसडीपीओ बेरमो के नेतृत्व में चला ऑपरेशन
बेरमो एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने राजवाड़ीह गांव के तिरो टोला में देर रात छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने विक्रम कुमार दास और विक्रम कुमार कापड़वार को हिरासत में लिया।

छुपाकर रखे गए हथियार बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने घर के छज्जे और तकिए के नीचे छिपाकर रखे गए दो देसी रिवॉल्वर, दो देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
बंगाल कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ महीने पहले पश्चिम बंगाल से अवैध हथियार खरीदे थे। दोनों युवक लूट और रंगदारी जैसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस अब हथियार सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।

