Bokaro : विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और “स्वयं से पहले सेवा” के संकल्प को साकार करते हुए Delhi Public School Bokaro ने गुरुवार को अपनी स्थापना की रूबी जुबिली (40 वर्ष) धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे उत्सव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। समारोह में विद्यालय के चार दशकों के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने दी सफलता और अनुशासन की सीख
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता (भाप्रसे) रहे, जबकि संस्थापक प्राचार्य डॉ. एम. एस. त्यागी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि डीपीएस बोकारो ने शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्त करने की अपील की।

प्राचार्य ने बताया परिवर्तनकारी पीढ़ियों का निर्माण

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने स्वागत संबोधन में कहा कि डीपीएस बोकारो ने 40 वर्षों में देश को परिवर्तनकारी पीढ़ियां दी हैं। यहां के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
217 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, जमुना हाउस अव्वल
समारोह में सीबीएसई 10वीं एवं 12वीं के टॉपर्स सहित 170 विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 47 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कुल 217 विद्यार्थियों को पुरस्कार मिला। खेल और शिक्षा दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जमुना हाउस को ओवरऑल बेस्ट हाउस का खिताब मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विद्यार्थियों ने ऑर्केस्ट्रा, नृत्य संगम और थीम आधारित प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की 40 वर्षों की यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसे खूब सराहा गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

