Bokaro: जिले के पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड कार्यालय के बड़ा बाबू को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर शौचालय निर्माण योजना की बकाया राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

शौचालय निर्माण योजना की राशि रोककर मांगी जा रही थी रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) धनबाद के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ओरदाना 10+2 उच्च विद्यालय में योजना संख्या 12/24-25 के तहत 2.45 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण कार्य पूरा किया गया था। इस योजना के तहत अब तक 1,14,924 रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष राशि का भुगतान लंबित था।

फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपये
शिकायत में आरोप लगाया गया कि बकाया भुगतान से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के लिए पेटरवार प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू गुलाम रसूल ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने ACB धनबाद से कार्रवाई की मांग की।
सत्यापन में सही मिली शिकायत, 8 हजार रुपये पर बनी बात
ACB की ओर से शिकायत का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान आरोपी कर्मचारी द्वारा 8 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत धनबाद ACB थाना कांड संख्या 06/2026 दर्ज कर विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
रंगेहाथ गिरफ्तार हुआ आरोपी
गुरुवार 2 जुलाई 2026 को ACB की टीम ने पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित पुराने भवन में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान सहायक उर्दू अनुवादक एवं अतिरिक्त प्रभार प्रधान सहायक मो. गुलाम रसूल (57 वर्ष) को शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपी मो. गुलाम रसूल मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के बाढ़ समैला गांव का निवासी है और वर्तमान में पेटरवार प्रखंड कार्यालय, बोकारो में कार्यरत था। ACB धनबाद ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

