Bokaro: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मारपीट के एक वीडियो को लेकर बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वीडियो में एक युवक दूसरे युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी उसे पकड़े हुए नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने मामले का संज्ञान लिया।

एसपी ने बताया कि इस मामले में बीएस सिटी थाना में लिखित आवेदन प्राप्त होने के तुरंत बाद बीएस सिटी थाना कांड दर्ज कर ली गई। आवेदन में आरक्षी इकरार खान और उनके पुत्र पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई करते हुए आरक्षी इकरार खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन हाजिर कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट की घटना के पीछे दोनों पक्षों के बीच पहले से चला आ रहा आपसी विवाद और रंजिश कारण थी। इसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई। एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच और सत्यापन किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई पुलिसकर्मी अपने पद का दुरुपयोग करता है या जनता के साथ दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

