Bokaro: अब शहर की महिलाएं राहत की सांस ले सकती हैं, क्योंकि लंबे समय से बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दहशत फैलाने वाला चेन स्नैचिंग गिरोह आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है।

खुला अपराध का नेटवर्क
बोकारो जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक फैले अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और रामगढ़ समेत कई जिलों में लगातार महिलाओं को निशाना बना रहा था।

SIT गठित कर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर गठित तीन विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर इस पूरे नेटवर्क को ट्रेस किया। जांच की शुरुआत 23 जून 2026 को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट के पास हुई चेन स्नैचिंग की घटना से हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी।
कई घटनाओं का किया खुलासा
लगातार जांच के बाद 1 जुलाई को पुलिस ने मुख्य आरोपी भोला दास (30), निवासी ओडिशा के जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह कई जिलों में हुई कम से कम सात चेन स्नैचिंग वारदातों में शामिल रहा है। इसी अभियान में चास थाना क्षेत्र से चार अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया, जो 30 जून को प्रभात होटल के पास हुई वारदात में शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से सोने जैसा लॉकेट, बिना नंबर प्लेट की बाइक, 48 हजार रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है।
महिलाओं को बनाते थे निशाना
गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद के युवक शामिल हैं, जिनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाकर फरार हो जाता था। फिलहाल पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

