Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर शुक्रवार को बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय परिसर में लर्निंग लाइसेंस (एलएल) अभियान के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक बनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

197 आवेदन, 49 अभ्यर्थी हुए सफल
अभियान के दौरान कुल 197 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 67 अभ्यर्थियों ने लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में हिस्सा लिया। परीक्षा में 49 अभ्यर्थी सफल रहे, जबकि 18 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों पर सफल नहीं हो सके। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान से अधिक से अधिक लोगों को वैध ड्राइविंग प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान लोगों को हिट एंड रन मुआवजा योजना और गुड समैरिटन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सड़क सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी : जिला परिवहन पदाधिकारी
जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज ने कार्यक्रम में उपस्थित वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। सुरक्षित वाहन संचालन, ट्रैफिक नियमों का पालन और दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल सहायता कर कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से गुड समैरिटन योजना का लाभ उठाकर मानवता का परिचय देने का भी आह्वान किया।

