Bokaro: गुरुवार देर शाम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान कुछ ईआरओ/एईआरओ द्वारा बीएलओ के कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की जानकारी सामने आने पर डीसी ने नाराजगी जताई और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बीएलओ कार्य में बाधा पहुंचाने वालों पर प्रशासन सख्त
डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने स्पष्ट कहा कि एसआईआर-2026 जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन अभियान में किसी भी स्तर पर व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा। बीएलओ के कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही या बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ प्रशासन पूरी गंभीरता से कदम उठाएगा।

विधानसभा वार कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में सभी ईआरओ, एईआरओ एवं प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों से विधानसभा क्षेत्रवार एसआईआर-2026 अभियान की प्रगति रिपोर्ट ली गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के अंदर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।
समन्वय और जवाबदेही के साथ पूरा करें अभियान
डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि एसआईआर-2026 निर्वाचन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, आपसी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि अभियान को पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन तय समय में पूरा होना चाहिए, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
मतदाताओं का मिल रहा व्यापक समर्थन
प्रशासन के अनुसार एसआईआर-2026 अभियान को जिले में मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। हालांकि कुछ क्षेत्रों से बीएलओ के कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
