Bokaro: कसमार प्रखंड के खैराचातर की रहने वाली इंटर स्टेट आर्ट्स टॉपर छोटी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की राह अब और आसान होगी। गुरुवार को छोटी कुमारी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बोकारो उपायुक्त श्री अजय नाथ झा से मुलाकात कर अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए सहयोग का अनुरोध किया।

आर्थिक बाधा नहीं बनेगी शिक्षा की राह में रोड़ा
छोटी कुमारी की प्रतिभा और उच्च शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसे कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा उसकी उच्च शिक्षा के लिए स्पॉन्सरशिप की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

डीसी ने दिया सफलता का मंत्र
उपायुक्त अजय नाथ झा ने छोटी कुमारी को भरोसा दिलाया कि उसकी पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उसकी शिक्षा और लक्ष्य प्राप्ति के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने छोटी कुमारी को प्रेरित करते हुए कहा, “मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सफलता मिलने के बाद उसे कभी अपने ऊपर हावी मत होने देना। पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहो।”
रांची विमेंस कॉलेज में लेगी उच्च शिक्षा
मुलाकात के दौरान छोटी कुमारी ने बताया कि उसका नामांकन रांची विमेंस कॉलेज में इतिहास (ऑनर्स) विषय में होने जा रहा है। उसने भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल होकर देश और समाज की सेवा करने की इच्छा जताई। छोटी कुमारी के आत्मविश्वास और लक्ष्य की सराहना करते हुए डीसी ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
प्रशासनिक अधिकारियों को मार्गदर्शन का निर्देश
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार और प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी श्री अरविंद राधाकृष्णन को निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर छोटी कुमारी का मार्गदर्शन करें, ताकि वह अपने सपनों की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।
बोकारो की बेटी ने पेश की मिसाल
कसमार जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इंटर स्टेट आर्ट्स टॉपर बनने वाली छोटी कुमारी ने यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। अब जिला प्रशासन के सहयोग से उसके IAS बनने के सपने को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

