Bokaro: पेटरवार थाना पुलिस ने 50 हजार रुपये की छिनतई की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 23 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

बैंक से रुपये निकालकर लौट रही महिला बनी थी शिकार
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को कोनारबेड़ा निवासी मंजू देवी ने पेटरवार थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पेटरवार बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया से 50 हजार रुपये निकालने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान जाराटांड़ व्यापार मंडल भवन के समीप सुनसान स्थान पर बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनका रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर पेटरवार थाना कांड संख्या 114/26, दिनांक 9 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी एसआईटी, तकनीकी जांच से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बेरमो-तेनुघाट) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी कर चुके हैं लूट की वारदात
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने 8 जुलाई को 50 हजार रुपये की छिनतई की थी। साथ ही यह भी कबूल किया कि 9 जून 2026 को पेटरवार गेस्ट हाउस के समीप 49 हजार रुपये की लूट की घटना को भी इसी बुलेट मोटरसाइकिल से अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपी
दिलीप तिवारी (38 वर्ष), पिता स्व. दशरथ तिवारी, निवासी सहारजोरी, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो।
ब्रजेश कुमार शर्मा (32 वर्ष), पिता अंबुज शर्मा, निवासी सहारजोरी, थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो।
बरामदगी
घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (JH09BL-8183)
23,000 रुपये नकद
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलीप तिवारी के खिलाफ बोकारो एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों सहित कई कांड पहले से दर्ज हैं। उसके खिलाफ पेटरवार, चास, सेक्टर-4, चंदनकियारी, सियालजोरी तथा पुरुलिया (रघुनाथपुर) थाना क्षेत्रों में आपराधिक इतिहास मौजूद है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, महावीर एक्का, राजेश यादव (सीसीआर), रंजन सिंह (कसमार थाना) तथा आरक्षी अजय महतो सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

