Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संयुक्त रूप से बोकारो विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में संचालित अभियान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने विभिन्न डिजिटाइजेशन केंद्रों पर पहुंचकर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लिया और सभी बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

डिजिटाइजेशन बूथों पर कार्यों की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने सेक्टर-9बी स्थित रन विजय स्मारक उच्च विद्यालय में संचालित डिजिटाइजेशन बूथ संख्या 208, 209 एवं 210 का निरीक्षण किया। यहां संबंधित बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रविवार तक सभी पात्र मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध कराकर उनका शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।

मतदाता के घर पहुंचकर भरवाया गणना प्रपत्र
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेक्टर-9ए स्थित क्वार्टर संख्या 1476 पहुंचकर मतदाता प्रयाग दे से मुलाकात की। डीसी और एसपी की मौजूदगी में टीम ने स्वयं मतदाता से गणना प्रपत्र भरवाया तथा मौके पर ही उसका डिजिटाइजेशन भी कराया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराने और लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
अन्य बूथों का भी किया निरीक्षण
इसके बाद डीसी और एसपी ने बूथ संख्या 225 एवं 226 का निरीक्षण कर संबंधित बीएलओ को शेष बचे सभी गणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य रविवार तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।
SIR-2026 लोकतंत्र को मजबूत करने का अभियान : डीसी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि SIR-2026 राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लें और अपने परिवार, पड़ोस एवं परिचितों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें।
कई सेक्टरों के डिजिटाइजेशन केंद्रों का किया भ्रमण
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने सेक्टर-01 बी/सी (दीक्षा संस्थान), सेक्टर-9बी, सेक्टर-8ए, सेक्टर-3डी एवं सेक्टर-3ए स्थित विभिन्न डिजिटाइजेशन केंद्रों का भी दौरा किया। इस दौरान बूथ संख्या 245, 325, 326, 298 तथा 286, 287, 288 एवं 289 पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

